जयपुर, 22 जुलाई। देश के सबसे बड़े श्रमिक संगठन भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) का 72वाँ स्थापना दिवस कल पूरे राजस्थान में उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाया जाएगा। प्रदेश के सभी जिलों, तहसीलों, औद्योगिक क्षेत्रों एवं प्रमुख कार्यस्थलों पर ध्वज वंदन के साथ विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संगठन से जुड़े हजारों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता इन आयोजनों में भाग लेंगे।
राज्यभर में ध्वज वंदन, श्रमिक सम्मान, सेवा कार्य एवं विचार गोष्ठियों का होगा आयोजन
भारतीय मजदूर संघ, राजस्थान प्रदेश के प्रदेश महामंत्री मुकेश सोलंकी ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर प्रत्येक इकाई में भारतीय मजदूर संघ के ध्वज का वंदन कर संगठन के संस्थापक श्रद्धेय दत्तोपंत ठेंगड़ी को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया जाएगा। कार्यक्रमों में श्रमिक सम्मान समारोह, विचार गोष्ठियां, पौधारोपण, रक्तदान, स्वच्छता अभियान एवं अन्य सेवा गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा। साथ ही श्रमिकों के अधिकार, सामाजिक सुरक्षा, श्रम सुधार, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के कल्याण तथा राष्ट्र निर्माण में श्रमिकों की भूमिका जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी।
उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ ने अपनी स्थापना से लेकर आज तक श्रमिक हितों की रक्षा के साथ-साथ राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य किया है। संगठन का मूल मंत्र "देश के हित में करेंगे काम, काम के लेंगे पूरे दाम" आज भी प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का स्रोत है। संघर्ष और संवाद के संतुलित मार्ग पर चलते हुए संगठन ने श्रमिक आंदोलन को सकारात्मक दिशा देने का कार्य किया है।
प्रदेश महामंत्री मुकेश सोलंकी ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेशभर की सभी संबद्ध महासंघों एवं इकाइयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी श्रमिकों से इन आयोजनों में सहभागिता कर संगठन की राष्ट्रवादी श्रमिक विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उल्लेखनीय है कि 23 जुलाई 1955 को लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की जयंती के अवसर पर भारतीय मजदूर संघ की स्थापना हुई थी। वर्तमान में यह सदस्य संख्या के आधार पर देश का सबसे बड़ा श्रमिक संगठन है और संगठित तथा असंगठित दोनों क्षेत्रों के करोड़ों श्रमिकों के हितों के लिए कार्य कर रहा है।
.jpeg)
0 comments:
Post a Comment
hello